पटना। चर्चित शिक्षक Khan Sir की संभावित गिरफ्तारी की खबरों के बीच पटना स्थित उनके कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों की भारी भीड़ जुट गई। शुक्रवार रात करीब 10 बजे से ही बड़ी संख्या में छात्र कोचिंग के बाहर पहुंचने लगे और देर रात से लेकर शनिवार सुबह तक वहां डटे रहे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रों की मौजूदगी के कारण इलाके में काफी हलचल रही। इस दौरान पुलिस की कई टीमें भी मौके पर पहुंचीं, लेकिन खान सर को हिरासत में लेने या गिरफ्तार करने में सफलता नहीं मिल सकी।

कोचिंग सेंटर के बाहर छात्रों ने अपने शिक्षक के समर्थन में नारेबाजी की और लगातार वहीं मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती भी की गई थी।

हालांकि, पुलिस अधिकारियों की ओर से मामले को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। वहीं, खान सर की ओर से भी इस घटनाक्रम पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

मामले को लेकर छात्रों और स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।