कानपुर, 24 जून: कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत दलहन क्रॉसिंग के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब बुधवार सुबह स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के एक एटीएम केबिन में अचानक भीषण आग लग गई। केबिन से आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठता देख स्थानीय निवासियों और राहगीरों में अफरातफरी मच गई।
शॉर्ट सर्किट बनी वजह, समय रहते काबू पाया
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। कल्याणपुर थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंच गई थी। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बेहद मुस्तैदी दिखाते हुए करीब 20 मिनट के भीतर ही आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। इस घटना में एटीएम मशीन और केबिन के अंदर लगे केबल व उपकरण पूरी तरह जल गए हैं, हालांकि बैंक प्रबंधन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
